AUS Open पर पहले धुएं और अब बारिश का कहर, नहीं हो पाए कई मैच
टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू हुआ क्योंकि वायु गुणवत्ता अच्छी आंकी गई थी, लेकिन चार घंटे बाद ही मूसलाधार बारिश के कारण बाहर के कोर्ट पर खेल रोकना पड़ा.
- बारिश के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया
- रोजर फेडरर और सेरेना विलियम्स पहले दौर में जीते
सेरेना विलियम्स और रोजर फेडरर ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में सोमवार को जीत से शुरुआत की जिसके बाद बारिश के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इस तरह से जंगलों की लगी आग के कारण भी चर्चा में रहे वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम के शुरुआती दिन कई मैच नहीं हो पाए.
धुंध के कारण पिछले सप्ताह क्वालिफाइंग के दौरान कई खिलाड़ियों को खांसी और सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके कारण टूर्नामेंट के आयोजन में देरी की संभावना बन गई थी. टूर्नामेंट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार शुरू हुआ क्योंकि वायु गुणवत्ता अच्छी आंकी गई थी, लेकिन चार घंटे बाद ही मूसलाधार बारिश के कारण बाहर के कोर्ट पर खेल रोकना पड़ा.
विश्व में नंबर तीन फेडरर रॉड लेवर एरेना में छत बंद करने के समय ही कोर्ट से बाहर रहे. उन्होंने वापस लौटकर अमेरिका के स्टीव जॉनसन को 6-3, 6-2, 6-2 से हराया. यहां 20 साल पहले पदार्पण करने के बाद फेडरर कभी पहले दौर से बाहर नहीं हुए. मारग्रेट कोर्ट एरेना और मेलबर्न एरेना में भी छत बंद करने के बाद खेल चलता रहा.
मंगलवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है, जिससे मैचों के प्रभावित होने की संभावना है. पहले दिन बारिश के कारण 64 में से 48 मैच मंगलवार तक टाल दिए गए. इस बीच अपने 24वें ग्रैंड स्लैम खिताब की अपनी कवायद में लगीं सेरेना विलियम्स ने दमदार शुरुआत की जबकि पिछले साल की चैम्पियन नाओमी ओसाका ने भी सीधे सेटों में जीत से दूसरे दौर में जगह बनाई.
जोकोविच : 900वीं सिंगल्स मैच जीत
वर्ल्ड नंबर-2 नोवाक जोकोविच ने वर्ल्ड नंबर-35 जर्मनी के जेन लेनार्ड स्ट्रफ को चार सेटों तक चले मुकाबले में 7-6, 6-2, 2-6, 6-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया. जोकोविच से पहले जिमी कोनर्स (1,274), रोजर फेडरर (1,237), इवान लेंडल ( 1,068), राफेल नडाल (981) और गुइलेर्मो विलास (949) ही यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
सर्बियाई खिलाड़ी ने दो घंटे 26 मिनट में जाकर यह मुकाबला अपने नाम किया. अपने आठवें ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब की तलाश में लगे जाकोविच की इस टूर्नामेंट में यह 69वीं जीत है.
अपने 21वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में लगे फेडरर अब दूसरे दौर में क्वालिफायर फ्रांस के क्विंटीन हेलिस और सर्बिया के फिलिप क्राजीनोविक के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे.
No comments:
Post a Comment